बेतिया में दुकान से घर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी को अपराधियों ने सरेराह मारी गोली, हालत गंभीर

बेतिया में सोमवार देर शाम स्वर्ण व्यवसायी गोविंदा साह को अपराधियों ने गोली मार दी. सीने में गोली लगने से गंभीर घायल व्यवसायी को मोतिहारी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस जांच में जुटी है.

बेतिया न्यूज: पश्चिम चंपारण जिले में सोमवार की देर शाम अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. गोली व्यवसायी के सीने में लगी है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. घायल व्यवसायी को पहले इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए हैं.


मनुवापुल से घर लौट रहे थे व्यवसायी

घायल की पहचान सिरिसिया थाना क्षेत्र के गरभुआ गांव निवासी गोविंदा साह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि गोविंदा साह मनुआपुल स्थित अपनी सोने-चांदी की दुकान बंद कर सोमवार की देर शाम बाइक से अपने घर गरभुआ लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी. गोली उनके सीने में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.


गोली की आवाज सुन मौके पर पहुंचें लोग, अस्पताल से रेफर

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी वहां पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल गोविंदा साह को तत्काल जीएमसीएच, बेतिया पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज की सलाह दी. इसके बाद परिजन उन्हें मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है.


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ करने के साथ अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और उन्होंने व्यवसायी को निशाना क्यों बनाया.


लूट समेत कई बिंदुओं पर जांच

फिलहाल गोली मारने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस पुरानी रंजिश, लूट और अन्य आपराधिक कारणों समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारे जाने की घटना से क्षेत्र के व्यवसायियों और ग्रामीणों में भी भय का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आलोक अगस्टीन

आलोक अगस्टीन ने वर्ष 2004 से पत्रकारिता में सक्रिय रहने के साथ पत्रकारिता व जनसंचार में माखनलाल से स्नातक तथा स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की हैं. नोएडा के साधना एकेडमी ऑफ मीडिया स्टडीज से फोटो एंड वीडियो जर्नलिज्म में डिप्लोमा के पश्चात 2015 में बेतिया प्रभात खबर से जुड़कर अबतक कार्य कर रहे हैं. इसके पूर्व बेतिया में ही हिन्दुस्तान के साथ साथ पटना के अनेक स्थानीय चैनलों में रिपोर्टर की भूमिका निभाई है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >