Bagaha News: रामधाम मंदिर, दूबे टोला निवासी 11 वर्षीय गौतम कुमार की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर शुक्रवार की शाम बगहा शहर में कैंडल मार्च निकाला गया. मार्च में बड़ी संख्या में शहरवासी और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए. लोगों ने हाथों में मोमबत्ती लेकर लापता बालक को जल्द सकुशल वापस लाने की मांग की.
लापता गौतम की बरामदगी के लिए शहरवासी हुए एकजुट
रामधाम मंदिर निवासी मछली व्यवसायी तुलसी साह का पुत्र गौतम कुमार पिछले कई दिनों से लापता है. बालक के लापता होने के बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं. इस बीच पुलिस और प्रशासन से भी गौतम की सकुशल बरामदगी के लिए तेजी से कार्रवाई करने की मांग की जा रही है.
कैंडल मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ता भी हुए शामिल
कैंडल मार्च का नेतृत्व बगहा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी जयेश मंगल सिंह उर्फ जय सिंह ने किया. मार्च में बगहा शहर के लोगों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया. लोगों ने कहा कि गौतम के लापता होने से उसका परिवार बेहद परेशान है और ऐसे कठिन समय में पूरा शहर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है.
प्रशासन से जल्द बरामदगी की मांग
बगहा नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तुफैल अहमद ने कहा कि कैंडल मार्च का उद्देश्य प्रशासन का ध्यान गौतम की बरामदगी की ओर आकृष्ट कराना है. उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए गौतम कुमार को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपने की मांग की.
गौतम की सकुशल वापसी तक परिवार के साथ खड़े रहने का संकल्प
मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि गौतम की सकुशल वापसी तक वे पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे. लोगों ने प्रशासन से अपील की कि बालक की तलाश के लिए सभी संभावित पहलुओं पर तेजी से कार्रवाई की जाए.
यह भी पढ़ें: घोड़ासहन में भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर बैठक, अपराध और तस्करी रोकने पर जोर
