Gandak river water level rise: गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से छोटा चौमुखा से सिसवा मंगलपुर जाने वाली मुख्य सड़क बाढ़ के पानी में पूरी तरह डूब गई है. सड़क पर करीब चार से पांच फीट पानी जमा हो जाने के कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. सड़क के ऊपर से पानी का तेज बहाव होने के कारण आसपास के ग्रामीणों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं.
Flood News: चार से पांच फीट पानी में डूबी मुख्य सड़क
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ समय से गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है. नदी का पानी धीरे-धीरे निचले इलाकों और दियारा क्षेत्रों की तरफ फैल रहा है. इसी क्रम में छोटा चौमुखा-सिसवा मंगलपुर मुख्य सड़क भी बाढ़ की चपेट में आ गई है, जहां चार से पांच फीट पानी बह रहा है.
आवागमन पूरी तरह बंद, ग्रामीणों को घूमकर तय करनी पड़ रही दूरी
सड़क पर पानी की अधिक गहराई होने के कारण पैदल, बाइक या अन्य किसी भी वाहन से गुजरना जान जोखिम में डालने जैसा है. मुखिया मुकेन्द्र यादव, उस्मान अंसारी, गुड्डू यादव, जय किशन यादव और साहब यादव ने बताया कि मार्ग बंद होने से लोगों को अब आने-जाने के लिए लंबे और वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है.
दियारा क्षेत्रों में बढ़ा बाढ़ का खतरा और पशुधन की चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि यदि गंडक नदी का जलस्तर इसी रफ़्तार से बढ़ता रहा, तो आसपास के अन्य गांवों और दियारा क्षेत्रों में भी बाढ़ का खतरा विकराल रूप ले सकता है. बढ़ते पानी को देखकर लोगों को अपने घरों, मवेशियों और जरूरी सामान की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है.
प्रशासन और जल संसाधन विभाग से तत्काल राहत की मांग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से तुरंत क्षेत्र का निरीक्षण करने की मांग की है. लोगों ने सड़क की स्थिति पर नजर रखने तथा संभावित बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षा एवं राहत के पुख्ता इंतजाम करने की पुरजोर मांग उठाई है.
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर निबंधन कार्यालय में हंगामा, पेपरलेस व्यवस्था और हड़ताल के बीच अवैध वसूली का आरोप
