Bettiah news: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से घोषित यूजीसी-नेट/जेआरएफ परीक्षा परिणाम में जिले के मझौलिया प्रखंड के व्यवहरिया निवासी किसान विजय मिश्र के पुत्र सत्यप्रकाश मिश्र ने जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और जिले का नाम रोशन किया है. उनकी सफलता पर परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने बधाई दी है.
रामकृष्ण विवेकानंद विद्यामंदिर के छात्र रहे हैं सत्यप्रकाश
सत्यप्रकाश मिश्र की प्रारंभिक शिक्षा नर्सरी से दसवीं कक्षा तक रामकृष्ण विवेकानंद विद्या मंदिर , बेतिया से हुई. इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई मोतिहारी से पूरी की. स्नातक (बीए) की पढ़ाई इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से की.
बीएचयू से स्नातकोत्तर, पहले प्रयास में मिली सफलता
वर्तमान में सत्यप्रकाश बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं. पढ़ाई के दौरान उन्होंने पहली बार के प्रयास में नेट परीक्षा उत्तीर्ण की. इसके बाद दूसरे प्रयास में जेआरएफ परीक्षा में सफलता हासिल की.
पिता किसान और मां गृहिणी, प्रेरणादायी उपलब्धि
सत्यप्रकाश ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, नियमित अध्ययन और लगन के साथ ही परिजनों के सपोर्ट को दिया. उनके पिता विजय मिश्र सामान्य किसान हैं, जबकि मां अंजू देवी गृहिणी हैं. किसान परिवार से आने वाले सत्यप्रकाश की इस उपलब्धि को क्षेत्र में युवाओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है.
डॉ मदन बनिक समेत अन्य ने दी बधाई
सत्यप्रकाश की सफलता की जानकारी मिलने पर रामकृष्ण विवेकानंद विद्या मंदिर , बेतिया के निदेशक डॉ. मदन बनिक समेत संस्थान के अन्य शिक्षकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
