फर्जी रेल ट्रैककर्मी भर्ती मामले में जांच तेज, 10-10 लाख लेकर नौकरी देने के दावे की होगी पड़ताल

पश्चिम चंपारण में रेलवे में फर्जी भर्ती का मामला गरमाया है. रेल एसपी वीणा कुमारी ने नरकटियागंज रेल थाने का दौरा कर 10-10 लाख रुपये लेकर नौकरी देने के दावे की जांच शुरू की है. पूरे रैकेट का पर्दाफाश करने के लिए एक पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है.

West Champaran News: मुजफ्फरपुर रेल एसपी वीणा कुमारी ने शनिवार को नरकटियागंज रेल थाना पहुंचकर फर्जी रेल ट्रैककर्मी भर्ती मामले की गहन जांच-पड़ताल की. मामले की तह तक पहुंचने और पूरे रैकेट का खुलासा करने के लिए रेल पुलिस की ओर से गठित पांच सदस्यीय टीम ने जांच शुरू कर दी है. टीम में रेल पुलिस के अधिकारियों के साथ डीआईओ और साइबर सेल के पदाधिकारी भी शामिल हैं.

26 अगस्त को पकड़े गये थे दो फर्जी रेल ट्रैककर्मी

रेल एसपी ने बताया कि 26 अगस्त को नरकटियागंज में दो फर्जी रेल ट्रैककर्मियों को गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि समस्तीपुर में उनसे 10-10 लाख रुपये लेकर रेलवे में भर्ती करायी गयी थी. इसके बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

पांच सदस्यीय टीम करेगी पूरे मामले की जांच

फर्जी भर्ती मामले की जांच के लिए रेल पुलिस ने पांच सदस्यीय टीम का गठन किया है. टीम में रेल डीएसपी निधि कुमारी, इंस्पेक्टर संजीव कुमार, रेल थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साहू समेत दो अन्य अधिकारी शामिल हैं. टीम में डीआईओ और साइबर सेल के पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया है. जांच की मॉनिटरिंग स्वयं रेल एसपी कर रही हैं.

कैसे हुई रेलवे में फर्जी बहाली, खंगाला जा रहा नेटवर्क

रेल एसपी ने बताया कि जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी तरीके से रेलवे में बहाली कैसे करायी गयी, इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं और पूरे नेटवर्क का संचालन किस स्तर से किया जा रहा था. पुलिस भर्ती से जुड़े सभी पहलुओं और आरोपियों के बताए तथ्यों की जांच कर रही है.

रैकेट में शामिल लोगों पर होगी कार्रवाई

रेल एसपी ने स्पष्ट कहा कि जांच के दौरान जो भी लोग इस रैकेट में संलिप्त पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस का उद्देश्य पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर उसके पीछे शामिल लोगों तक पहुंचना है. इसके लिए जांच टीम अलग-अलग बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है.

रेल थाना की फाइलों की भी हुई जांच

निरीक्षण के दौरान रेल एसपी ने रेल इंस्पेक्टर कार्यालय और रेल थाना में रखी विभिन्न फाइलों की भी जांच की. उन्होंने बताया कि थाना की फाइलें अपडेट मिलीं. साथ ही लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश अधिकारियों को दिया.

यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश

रेल एसपी ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. निरीक्षण के दौरान रेल डीएसपी, रेल इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष के अलावा एएसआई राजेश कुमार, जयप्रकाश मिश्रा, राजेश चौबे, गुड्डू कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: डुमरी का पुल चार साल से जर्जर, गुड़ कारोबारियों की बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >