Bettiah News: पश्चिम चंपारण समाहरणालय सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने की. इस दौरान जिले की बिजली आपूर्ति, वितरण व्यवस्था और चल रही विद्युत परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई.
बैठक में उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई.
समय-सीमा में पूरी हों सभी परियोजनाएं
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में चल रही सभी विद्युत परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए. साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा.
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्बाध आपूर्ति पर जोर
सांसद ने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति हर हाल में बनी रहनी चाहिए, ताकि आम लोगों, किसानों और उद्योगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
उन्होंने अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए बिजली सेवाओं में लगातार सुधार लाने पर विशेष जोर दिया.
विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण बिजली जरूरी
बैठक में सांसद ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक घर, प्रत्येक खेत और प्रत्येक उद्योग तक गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाना है. बेहतर विद्युत व्यवस्था से जिले के विकास को और गति मिलेगी.
उन्होंने लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और बिजली व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए.
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में बिहार सरकार के डेयरी एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम, बेतिया विधायक समृद्ध वर्मा, कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन, वाल्मीकिनगर विधायक सुरेन्द्र कुशवाहा, जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक के दौरान विभिन्न विद्युत योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया.
