दीपों की रोशनी, वैदिक मंत्र और भजनों से गूंजा बेलवा घाट, गुरु पूर्णिमा पर हुई भव्य महाआरती

वाल्मीकिनगर के बेलवा घाट पर गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 157वीं नारायणी गंडकी महाआरती का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास के साथ विश्व शांति की प्रार्थना की।

Valmikinagar News: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बेलवा घाट परिसर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 157वीं नारायणी गंडकी महाआरती श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच संपन्न हुई. दीपों की जगमगाहट, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत से पूरा घाट परिसर भक्तिमय हो उठा.

महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मां नारायणी से सुख-समृद्धि, विश्व शांति और मानव कल्याण की प्रार्थना की.

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एचेल थारू सहित सत्येंद्र सिंह, संगीत आनंद, सुमन सिंह, कामेश्वर श्रीवास्तव, शिवचंद्र शर्मा, पिंकी देवी, पूनम देवी, डॉ. नंद महतो, अरविंद अकेला और चंद्रिका प्रसाद खतईत समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एचेल थारू ने पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.

गुरु-शिष्य परंपरा पर दिया गया संदेश

विशिष्ट अतिथि सत्येंद्र सिंह और समाजसेवी संगीत आनंद ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए महर्षि वेदव्यास के योगदान और गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर अपने विचार रखे.

उन्होंने समाज में आध्यात्मिक मूल्यों और संस्कृति को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया.

भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण

स्वरांजलि सेवा संस्थान और हरे कृष्णा मंडली के कलाकारों ने गुरु महिमा पर आधारित भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी. कथा, पूजन और हवन के माध्यम से विश्व शांति तथा प्रकृति संरक्षण की कामना की गई.

महाप्रसाद की व्यवस्था होटल पूर्वा और रुद्र नेचुरल साबुन एवं शहद उद्योग की ओर से की गई.

जयघोष से गूंज उठा बेलवा घाट

कार्यक्रम का संचालन संगीत आनंद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिवचंद्र शर्मा और कामेश्वर श्रीवास्तव ने किया. इस दौरान सभी अतिथियों और कलाकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम के अंत में "गंगा मैया की जय", "सद्गुरु देव महाराज की जय", "वाल्मीकि धाम की जय" और "त्रिवेणी धाम की जय" के जयघोष से पूरा बेलवा घाट परिसर भक्तिरस में सराबोर हो उठा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >