Bettiah News: बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने जगदीशपुर स्थित जमुनिया पोखरे के लोकार्पण समारोह में कहा कि डबल इंजन की सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है. पोखरे के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता 35 जिला पार्षद मनोज कुशवाहा ने की.
Jagdishpur News: दीप प्रज्वलन के साथ जमुनिया पोखरे का विधिवत लोकार्पण
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया. इसके उपरांत मंत्री ने फीता काटकर जमुनिया पोखरे का विधिवत लोकार्पण किया.
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और जलस्रोतों के संरक्षण व विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.
ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात: सांसद संजय जायसवाल और सुनील कुमार
समारोह में उपस्थित सांसद डॉ. संजय जायसवाल और सांसद सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि जमुनिया पोखरे का सौंदर्यीकरण इलाके के ग्रामीणों के लिए एक अनमोल सौगात है.
उन्होंने कहा कि इस विकास कार्य से न केवल क्षेत्र का प्राकृतिक सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय निवासियों को स्वच्छ और सुखद वातावरण भी प्राप्त होगा. जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय जनता को इस कार्य के लिए बधाई दी.
कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस भव्य लोकार्पण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं.
मंच पर विधान पार्षद (MLC) शिवरानी देवी, उप विकास आयुक्त (DDC) काजले वैभव, जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न कुशवाहा, दयानंद कुशवाहा, प्रताप पटेल, राधाकृष्णन प्रसाद, अध्यक्ष अरुण कुशवाहा, पप्पू चौधरी, मुखिया अफरोज नय्यर और बसंत साह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.
स्थानीय लोगों में दिखा भारी उत्साह
जमुनिया पोखरे के नए स्वरूप और सौंदर्यीकरण को लेकर आसपास के ग्रामीणों में काफी खुशी देखने को मिली. कार्यक्रम के समापन पर स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया.
यह भी पढ़ें:दवा लेने निकले थे अमरेश, रेलवे पुल के पास ट्रेन ने छीन ली जिंदगी
