परीक्षा देने पहुंचे थे छात्र, केंद्र पर खुली नकल की पोल, दूसरे की जगह बैठा मुन्ना भाई गिरफ्तार

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के स्नातक सत्र 2023-27 की छठे सेमेस्टर परीक्षा के पहले ही दिन कदाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई. एमजेके कॉलेज परीक्षा केंद्र पर पांच परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा गया और निष्कासित कर दिया गया. वहीं, एक 'मुन्ना भाई' को दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देते हुए गिरफ्तार कर पुलिस को सौंप दिया गया.

West Champaran News: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के स्नातक सत्र 2023-27 के छठे सेमेस्टर की परीक्षा सोमवार से शुरू होते ही एमजेके कॉलेज परीक्षा केंद्र पर कदाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गयी. प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान कदाचार करते पकड़े गए पांच परीक्षार्थियों को तत्काल परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया. वहीं, दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहे एक युवक को पकड़कर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.

परीक्षा के पहले दिन ही पांच परीक्षार्थी निष्कासित

एमजेके कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नवल किशोर बैठा ने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान पांच परीक्षार्थियों को कदाचार करते पकड़ा गया. सभी को तत्काल परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया. प्राचार्य के अनुसार, निष्कासित किए गए सभी पांच परीक्षार्थी राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय के विद्यार्थी हैं.

दूसरे की जगह परीक्षा देता मिला मुन्ना भाई

प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान ही एक युवक दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया. परीक्षा केंद्र प्रशासन ने जांच के दौरान फर्जी परीक्षार्थी की पहचान की और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. केंद्र प्रशासन के अनुसार, पकड़ा गया युवक भी आरएलएसवाई कॉलेज से संबंधित है.

नकल रोकने के लिए केंद्र पर सघन निगरानी

प्राचार्य प्रो. नवल किशोर बैठा ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह कदाचार मुक्त रखने के लिए केंद्र पर सघन निगरानी और कड़ी जांच की जा रही है. परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ परीक्षा की प्रक्रिया में किसी तरह की अनियमितता न हो, इसे लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.

परीक्षा की शुचिता से समझौता नहीं

प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा. कदाचार करते पकड़े जाने वाले परीक्षार्थियों के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी. केंद्र प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नकल अथवा किसी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने का प्रयास करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.

छह केंद्रों पर शुरू हुई छठे सेमेस्टर की परीक्षा

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक सत्र 2023-27 के छठे सेमेस्टर की परीक्षा 7 से 21 सितंबर तक आयोजित की जा रही है. परीक्षा के पहले दिन जिले के छह केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा हुई. प्रथम पाली में फिजिक्स, हिंदी समेत छह विषयों की परीक्षा ली गयी, जबकि दूसरी पाली में इतिहास, जूलॉजी समेत पांच विषयों की परीक्षा हुई.

तीन संस्थानों के परीक्षार्थी दे रहे परीक्षा

एमजेके कॉलेज परीक्षा केंद्र पर राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय, संस्कार भारती स्कूल ऑफ एजुकेशन और ईश्वर शांति महाविद्यालय के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं. परीक्षा केंद्र प्रशासन ने कदाचार पर सख्ती बरतते हुए पहले ही दिन कार्रवाई कर स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा में किसी तरह की अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जाएगा.

यह भी पढ़ें:चीनी मिलें खुलने से पहले गन्ने का भाव तय करने की मांग, 650 रुपये क्विंटल के लिए किसानों का धरना

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि 'रंक'

90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >