Bettiah News: जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) राजन कुमार ने नवपदस्थापित कार्यक्रम पदाधिकारियों के बीच विभिन्न संभागों का आवंटन कर दिया है. जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद करीब दो सप्ताह से प्रभावित शिक्षा विभाग का कामकाज फिर से सामान्य हो गया है.
तबादलों के बाद प्रभावित हुआ था काम
उल्लेखनीय है कि 30 जून 2026 को जारी विभागीय अधिसूचना के तहत समग्र एवं माध्यमिक शिक्षा संभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी गार्गी कुमारी, स्थापना संभाग के डीपीओ कुमार अनुभव तथा तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी रविन्द्र कुमार का तबादला कर दिया गया था. इसके बाद कई महत्वपूर्ण संभागों का कार्य प्रभावित हो गया था.
यह भी पढ़ें: पीएम आवास योजना में सुस्ती पर पांच बीडीओ से जवाब-तलब, विभागीय कार्रवाई की चेतावनी
नए अधिकारियों ने संभाला कार्यभार
जिलाधिकारी के आदेश के आलोक में नवपदस्थापित दीपक कुमार सिन्हा को प्रारंभिक एवं समग्र शिक्षा तथा माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता संभाग का प्रभार सौंपा गया. प्रभार मिलने के बाद उन्होंने बुधवार शाम से कार्यभार संभाल लिया.
वहीं अखिल वैभव ने स्थापना संभाग का कार्यभार ग्रहण कर कामकाज शुरू कर दिया है.
वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार भी मिले
डीईओ राजन कुमार ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि दोनों अधिकारियों को आवंटित संभागों में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए सभी निर्धारित कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करना होगा.
संबंधित शाखाओं को भी निर्देश दिया गया है कि वे नए दायित्वों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करें.
डीईओ ने बताया कि आदेश की प्रति सभी संबंधित पदाधिकारियों, जिला कोषागार पदाधिकारी, संबंधित बैंक शाखा प्रबंधकों, सीएफएमएस कोषांग तथा वित्त विभाग को भी भेज दी गई है. इसके बाद करीब दो सप्ताह से प्रभावित प्रारंभिक एवं समग्र शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता तथा स्थापना संभाग का कामकाज फिर से सुचारु रूप से शुरू हो गया है.
