Bettiah News: पश्चिम चंपारण में मंगलवार को विकास योजनाओं और प्रशासनिक तैयारियों की बड़ी समीक्षा होने जा रही है. तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह समाहरणालय सभागार में जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करेंगे. बैठक को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है और दो दर्जन से अधिक विभागों के अधिकारियों को अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है.
विकास योजनाओं की होगी विस्तृत समीक्षा
समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रगति, लंबित परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी. साथ ही सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी संचालन और विभागवार उपलब्धियों व चुनौतियों का भी आकलन किया जाएगा.
बाढ़ की तैयारियों पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक का सबसे अहम एजेंडा जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियां हैं. आयुक्त राहत एवं बचाव कार्यों, तटबंधों की स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, राहत सामग्री की उपलब्धता और आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करेंगे. अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की तैयारियों की भी होगी समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री की संभावित पश्चिम चंपारण यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा होने की संभावना है. प्रस्तावित कार्यक्रमों, सुरक्षा व्यवस्था, विकास योजनाओं के निरीक्षण और अन्य व्यवस्थाओं पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी.
अधिकारियों को सौंपे गए जरूरी निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट अंतिम रूप देने और बैठक में पूरी तैयारी के साथ शामिल होने का निर्देश दिया है. माना जा रहा है कि इस समीक्षा बैठक के बाद विकास कार्यों में तेजी लाने, बाढ़ प्रबंधन को मजबूत करने और मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं.
यह भी पढे़ं: गुरु पूर्णिमा पर श्री देवराहा बाबा आश्रम में होगा भव्य महोत्सव, भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन
