Bettiah News: बेतिया. नगर के महारानी जानकी कुंवर महाविद्यालय में बुधवार को ‘स्वस्थ युवा, सशक्त भारत : शिक्षा में खेलों की अनिवार्यता’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शिक्षाविदों, खेल पदाधिकारियों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने शिक्षा के साथ खेलों के समन्वय को लेकर अपने विचार रखे. वक्ताओं ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक दृढ़ता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं.
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृत वंदना, दीप प्रज्ज्वलन एवं मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ. खेल विभाग के अध्यक्ष डॉ. गौतम कुमार ने विषय प्रवेश करते हुए खेलों को समग्र शिक्षा का अनिवार्य अंग बताया.
खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने पर जोर
संगोष्ठी में डॉ. विद्यासागर उपाध्याय, डॉ. अजय कुमार पासवान, डॉ. प्रदीप प्रसाद, डॉ. बरखा चपलोत, डॉ. राजेश कुमार चंदेल और डॉ. विकास कुमार ने भी अपने विचार रखे. युवा एवं सांस्कृतिक पदाधिकारी शशांक मित्तल तथा डॉ. रंजीत कुमार ने युवाओं को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया.
मुख्य अतिथि बीआरए बिहार विश्वविद्यालय खेल परिषद के सचिव प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार साह ने खेल प्रतिभाओं की पहचान, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने और आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
कॉलेज में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता
संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नवल किशोर बैठा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा देना जरूरी है. उन्होंने महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को और बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता जताई.
उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. खेल के माध्यम से विद्यार्थी टीम भावना, नेतृत्व और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित कर सकते हैं.
मेजर ध्यानचंद सम्मान से 10 लोगों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान डॉ. जितेश कुमार, डॉ. बरखा चपलोत, डॉ. किशोरी लाल राम, डॉ. विपिन दुबे, डॉ. अजय कुमार पासवान, डॉ. रंजीत कुमार, डॉ. अशोक कुमार साह, डॉ. भारत भूषण, पुलकित कुमार और प्रीतम कुमार को ‘मेजर ध्यानचंद सम्मान-2026’ प्रदान किया गया.
वहीं विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौ खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने पर खिलाड़ियों और प्रतिभागियों में उत्साह देखा गया.
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. किशोरी लाल राम ने किया. अंत में राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन हुआ.
यह भी पढ़ें: बगहा में उप मुखिया समेत दो लोगों को गोली मारने की घटना, आरोपियों की तलाश में पुलिस
