बेतिया: बाइक विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की गला रेतकर हत्या, इलाके में सनसनी

बेतिया में बाइक को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जब बड़े भाई ने कथित तौर पर छोटे भाई की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Bettiah News: शहर से सटे बैरिया थाना क्षेत्र के हाट सरैया वार्ड संख्या-02 में गुरुवार सुबह बाइक को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. बड़े भाई ने कथित रूप से अपने छोटे भाई की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान रहमतुल्लाह मियां के 18 वर्षीय पुत्र इब्राहिम मियां के रूप में हुई है. वह स्थानीय गैराज में बाइक मिस्त्री का काम करता था.

बाइक विवाद के बाद चाकू से किया हमला

परिजनों के अनुसार दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से बाइक को लेकर विवाद चल रहा था. गुरुवार सुबह करीब 8:45 बजे एक बार फिर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोप है कि गुस्से में बड़े भाई असलम मियां ने चाकू निकालकर इब्राहिम के गले पर वार कर दिया.


अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गंभीर रूप से घायल इब्राहिम को परिजन और स्थानीय लोग इलाज के लिए जीएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इब्राहिम चार भाइयों और एक बहन में तीसरे स्थान पर था. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.

अस्पताल से आरोपित को पुलिस ने लिया हिरासत में

घटना के बाद आरोपित असलम मियां भी जीएमसीएच पहुंच गया. वहां मौजूद लोगों ने उसे पहचान लिया और पकड़कर अस्पताल परिसर स्थित टीओपी पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

यह भी पढ़ें: मगरमच्छ ने छीनी किसान की जान, चार दिन बाद नदी से मिला शव, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >