Bettiah News: बेतिया के नौतन थाना क्षेत्र में सोमवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार 32 वर्षीय राजमिस्त्री की मौत हो गयी. खड्डा पोखरटोला वार्ड छह निवासी सुधीर कुमार को बगीचा रेस्टोरेंट के समीप अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल सुधीर की इलाज के लिए ले जाने के दौरान मौत हो गयी. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
चेक पोस्ट से घर लौट रहे थे सुधीर
परिजनों के अनुसार, सुधीर कुमार सोमवार रात बाइक से चेक पोस्ट से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बगीचा रेस्टोरेंट के समीप विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि सुधीर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
डायल 112 की टीम ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सुधीर कुमार को इलाज के लिए जीएमसीएच में भर्ती कराया.
सोशल मीडिया के माध्यम से हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे. चिकित्सकों ने सुधीर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
रास्ते में हुई मौत
परिजन सुधीर कुमार को दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे. इसी दौरान हरिवाटिका चौक के समीप सोमवार देर रात करीब 12 बजे उनकी मौत हो गयी.
सुधीर कुमार पेशे से राजमिस्त्री थे. उनकी मौत के बाद पत्नी रीना कुमारी और दो बेटों ऋषभ (10) और सौरभ (8) के सिर से पिता का साया उठ गया है.
अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में पुलिस
मृतक के पिता किशोरी सिंह ने बताया कि हादसे के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अज्ञात वाहन की पहचान और फरार चालक की तलाश की जा रही है.
यह भी पढे़ं: लौरिया में मुखिया प्रतिनिधि ने युवक को पीटा, वीडियो वायरल, सड़क निर्माण से जुड़े सवाल पर भड़के नेताजी
