Bettiah VTR News: पश्चिम चंपारण के बगहा में पक्षियों के अवैध शिकार का मामला सामने आया है. वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (वीटीआर) से सटे सेरहवा गांव में नहर किनारे जाल बिछाकर तोतों का शिकार किया जा रहा था. सूचना मिलने पर वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए जाल में फंसे सात तोतों को सुरक्षित मुक्त कराया. हालांकि मौके पर मौजूद चारों शिकारी गन्ने के खेत का फायदा उठाकर फरार हो गए.
पर्यावरण प्रेमी की सूचना पर हुई कार्रवाई
मामला बगहा-दो प्रखंड की नरवल-बोरवल पंचायत के सेरहवा गांव का है. पर्यावरण प्रेमी गजेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रामनगर क्षेत्र के कुछ लोग नहर किनारे जाल लगाकर पक्षियों का शिकार कर रहे हैं. सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और जाल में फंसे सात तोतों को छुड़ाया. उन्होंने शिकार में इस्तेमाल किया जा रहा जाल भी अपने कब्जे में ले लिया.
गन्ने के खेत का फायदा उठाकर भागे शिकारी
गजेंद्र यादव के मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद चारों शिकारी गन्ने के खेत की आड़ लेकर फरार हो गए. इसके बाद उन्होंने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सातों तोतों के साथ जब्त जाल को अपने कब्जे में लेकर वन परिसर पहुंची.
जंगल में छोड़े जाएंगे सभी तोते
वन विभाग ने बताया कि सभी तोतों की स्थिति सामान्य पाई गई है. उन्हें सुरक्षित रूप से वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व के जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि वे अपने प्राकृतिक आवास में लौट सकें.
शिकारी रामनगर के होने की आशंका
बगहा रेंजर श्रीमान मालाकार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पक्षियों का शिकार करने वाले लोग रामनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं. उनकी पहचान की जा रही है. पहचान होने के बाद वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
लोगों से की गई अपील
वन विभाग ने कहा है कि पक्षियों और अन्य वन्यजीवों का शिकार कानूनन दंडनीय अपराध है. विभाग लगातार ऐसे मामलों पर नजर रख रहा है. लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं पक्षियों या वन्यजीवों के अवैध शिकार की जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
यह भी पढे़ं: Bettiah: मां बनी हत्यारिन… घरेलू कलह में 7 माह की बेटी का गला काटा
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
