Bettiah News: पश्चिमी चंपारण में रविवार की रात आई तेज आंधी और बारिश ने कई घरों को नुकसान पहुंचाया है. एक परिवार पर यह बारिश आफत बनकर बरसी, जब घर का छप्पर अचानक भरभराकर गिर पड़ा. मामला मैनाटांड थाना क्षेत्र के सेमरवारी गांव का है. यहां लोरिक यादव के घर का छप्पर तेज हवा के चलते अचानक गिर गया. उस वक्त घर के अंदर उनकी बहू मंतुरा देवी और दो छोटे बच्चे 8 साल के शिवम कुमार और 1 साल के राहुल कुमार सो रहे थे. छप्पर गिरते ही तीनों उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला. सभी को जल्दबाजी में इनरवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
समाजसेवी और ग्रामीणों ने की मदद की अपील
हालांकि, इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, जिससे परिवार को थोड़ी राहत जरूर मिली है. इधर, स्थानीय समाजसेवी छठू महतो ने प्रशासन को घटना की जानकारी देकर पीड़ित परिवार को सरकारी मदद दिलाने की मांग की है. ग्रामीणों ने भी जल्द राहत और मुआवजा देने की अपील की है.
यह भी पढे़ं: Bagaha: मद्य निषेध विभाग की छापेमारी, दो तस्कर समेत सैकड़ों लीटर शराब बरामद
इनरवा से अमित सागर की रिपोर्ट
