बेतिया में टला बड़ा हादसा, पावर हाउस चौक पर ट्रक की टक्कर से गिरा विशाल तोरण द्वार

Bettiah News: बेतिया के पावर हाउस चौक पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से भारी तोरण द्वार सड़क पर गिर गया. हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन प्रशासन की लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. पढे़ं पूरी खबर…

Bettiah News: शहर के व्यस्ततम पावर हाउस चौक पर सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. यहां लगा विशाल तोरण द्वार अचानक सड़क पर गिर पड़ा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है जब एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से यह द्वार भरभरा कर मुख्य सड़क पर आ गिरा. गनीमत यह रही कि उस समय द्वार के नीचे से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, वरना जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था.

तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, यातायात बाधित

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह एक अनियंत्रित ट्रक ने तोरण द्वार के एक हिस्से में जोरदार टक्कर मारी और फरार हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोहे का भारी-भरकम ढांचा सड़क पर धराशायी हो गया. इसके गिरते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. राहगीरों को आवाजाही में काफी मशक्कत करनी पड़ी. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

प्रशासनिक लापरवाही पर भड़के स्थानीय लोग

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह तोरण द्वार काफी समय से जर्जर स्थिति में था और इसके ढीले स्ट्रक्चर पर कभी ध्यान नहीं दिया गया. लोगों ने इसे प्रशासन की बड़ी लापरवाही करार दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि व्यस्त चौक होने के बावजूद ऐसे खतरनाक ढांचों की नियमित जांच नहीं की जाती है. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने मलबे को हटाने और सड़क को सुचारू करने की कवायद शुरू कर दी है. अधिकारियों ने अज्ञात ट्रक चालक की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >