Bettiah: शिक्षिका ने मौसा को भिजवाया जेल, मौसी ने शिक्षिका के पति पर दर्ज कराया केस

Bettiah News: नरकटियागंज में रिश्तों की मर्यादा शर्मसार हुई है. शिक्षिका के आरोप पर मौसा को जेल भेज दिया गया, वहीं मौसी ने शिक्षिका के पति पर घर में तोड़फोड़ और दुर्व्यवहार की FIR दर्ज कराई है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है. पढ़ें पूरी खबर…

Bettiah News: शिकारपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा तार-तार होने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शिक्षिका और उसके मौसा-मौसी के बीच छिड़ी कानूनी जंग ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. मामला अब दोतरफा एफआईआर तक पहुंच गया है, जिसमें एक पक्ष जेल में है और दूसरे पक्ष पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है.

मौसा पर यौन शोषण का आरोप

घटना की शुरुआत पूर्वी चंपारण के पकड़ीदयाल निवासी शिक्षिका वैशाली कश्यप के आवेदन से हुई. शिक्षिका ने अपने मौसा ब्रजेश कुमार गुप्ता पर बहला-फुसलाकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है. शिकारपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 469/26 दर्ज किया और आरोपी मौसा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

शिक्षिका के पति पर लगाया गंभीर आरोप

पति की गिरफ्तारी के तुरंत बाद शिक्षिका की मौसी जुली कुमारी ने भी मोर्चा खोल दिया. उन्होंने शिक्षिका के पति जितेंद्र कुमार के खिलाफ जवाबी मामला दर्ज कराया है. जुली कुमारी का आरोप है कि जितेंद्र ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और उनके साथ अभद्र व्यवहार व गलत हरकत करने की कोशिश की. पुलिस ने इस शिकायत पर कांड संख्या 470/26 दर्ज कर ली है.

जांच में जुटी पुलिस

शिकारपुर थानाध्यक्ष ज्वाला सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है. एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दूसरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. पुलिस कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन आरोपों के पीछे की असली सच्चाई क्या है. फिलहाल, इस ‘रिश्तों की जंग’ की चर्चा पूरे शहर में है.

नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >