बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
Bettiah News: पश्चिम चंपारण में 1.73 लाख रुपये की कथित लूट का मामला पुलिस जांच में पूरी तरह फर्जी निकला है. जिस व्यक्ति ने खुद को लूट का शिकार बताया था, वही अब पुलिस की नजर में आरोपी बन गया है. मैनाटांड़ थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले ने पहले इलाके में सनसनी फैला दी थी, लेकिन बैंक खातों और वसूली रिकॉर्ड की जांच ने पूरी कहानी पलट दी.
लूट की सूचना से मचा था हड़कंप
13 जून को गुरवलिया बाबू टोला निवासी राजकिशोर ठाकुर ने पुलिस को बताया था कि लिपनी-मथुरा चौक मार्ग पर दो बाइक पर सवार आठ बदमाशों ने हथियार के बल पर उससे 1.73 लाख रुपये लूट लिए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
बैंक खाते की जांच में खुली परतें
जांच के दौरान पुलिस को घटना पर संदेह हुआ. पड़ताल में सामने आया कि राजकिशोर एक व्यवसायिक प्रतिष्ठान में काम करता है और ग्राहकों से बकाया राशि की वसूली करता था. पुलिस ने जब बैंक खाते और वसूली के दस्तावेजों की जांच की तो पता चला कि कई देनदारों से करीब 86 हजार रुपये उसने सीधे अपने खाते में जमा करवाए थे, जबकि रिकॉर्ड में उसे नकद वसूली दिखाया गया था.
गबन छिपाने के लिए रची गई कहानी
पुलिस के मुताबिक, वसूली गई रकम को हड़पने के उद्देश्य से लूट की झूठी कहानी गढ़ी गई थी. जांच में कथित लूट के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य भी नहीं मिला. राय ट्रेडर्स के प्रोपराइटर अभय कुमार राय की शिकायत पर मैनाटांड़ थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब आरोपी के खिलाफ गबन और झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के आरोप में आगे की कार्रवाई कर रही है.
