Bettiah Murder News: पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक दर्दनाक घटना का रूप ले लिया. पारिवारिक कलह से परेशान एक महिला पर अपनी सात माह की मासूम बेटी की गला काटकर हत्या करने का आरोप है. घटना के बाद महिला ने खुद भी गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन उसकी जान बच गई. पुलिस ने इलाज के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है.
दिल दहला देने वाली घटना
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी सुनील दास की पत्नी सीमा देवी का गुरुवार रात परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद के बाद महिला ने अपनी सात माह की पुत्री पूजा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: Bettiah Weather Update: आधी रात आसमान से गिरी आफत, ठनके ने पलभर में कई परिवारों की मेहनत कर दी राख
खुद भी जान देने की कोशिश
बेटी पर हमला करने के बाद महिला ने कथित तौर पर अपना भी गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया. हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गई, लेकिन उसकी जान बच गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग सकते में आ गए.
पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही गोपालपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. उपचार के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं, बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया गया.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में घर-जमीन वालों के लिए बड़ी खबर, 55 सड़कों का बदलेगा दर्जा, जेब पर पड़ सकता है असर
घरेलू विवाद की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे घरेलू विवाद और पारिवारिक कलह की बात सामने आई है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. मासूम की मौत से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
बेतिया के चनपटिया से अजय चौबे की रिपोर्ट
