बेतिया में पैसे के विवाद में पेचकस से गर्दन में वार कर की थी हत्या, 7 साल बाद चनपटिया निवासी पिता-पुत्र को उम्रकैद

चनपटिया में पैसों के विवाद में पेचकस से हुई हत्या के मामले में अदालत ने पिता-पुत्र को उम्रकैद की सजा सुनाई है. 2019 की वारदात के 7 साल बाद आए इस फैसले में दोनों दोषियों पर भारी जुर्माना भी लगाया गया है.

चनपटिया मर्डर केस: पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पेचकस से गर्दन में वार कर संजय जायसवाल की हत्या करने के मामले में अदालत ने पिता-पुत्र को उम्रकैद की सजा सुनायी है. मामले की सुनवाई पूरी करते हुए जिला अपर एवं सत्र न्यायाधीश प्रेमचंद वर्मा ने चनपटिया बाजार निवासी विजय जायसवाल और उसके पुत्र रोहित कुमार को भादवि की धारा 302/34 के तहत दोषी करार दिया. दोनों दोषियों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. जुर्माने की राशि जमा नहीं करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा.

दरवाजे पर पैसों को लेकर शुरू हुआ था विवाद

अपर लोक अभियोजक गोविंद प्रसाद यादव ने बताया कि घटना 15 सितंबर 2019 की सुबह करीब 9:30 बजे की है. चनपटिया थाना क्षेत्र में श्याम सिनेमा हॉल के बगल स्थित अपने घर के दरवाजे पर संजय जायसवाल और विजय जायसवाल के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था. इस दौरान विजय जायसवाल का पुत्र रोहित कुमार भी वहां मौजूद था.


विजय ने संजय जायसवाल के पकड़े हाथ, बेटा रोहित ने घोप दिया पेंचकस

विवाद बढ़ने पर विजय जायसवाल ने संजय जायसवाल के दोनों हाथ पकड़ लिये. इसी दौरान रोहित कुमार ने अपने पास रखे पेचकस से संजय की गर्दन पर वार कर दिया. गर्दन में गंभीर चोट लगने के बाद संजय जमीन पर गिर पड़े. उनकी हालत बिगड़ गयी और मौके पर ही मौत हो गयी.

भतीजे ने दर्ज करायी थी प्राथमिकी

घटना के बाद मृतक के भतीजे सोनू कुमार ने विजय जायसवाल और रोहित कुमार के खिलाफ चनपटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. पुलिस जांच के बाद मामले में आरोप पत्र दाखिल किया गया. अदालत में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर दोनों को दोषी पाया गया.


2019 में वारदात, 2026 में मिली सजा

मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने पिता विजय जायसवाल और पुत्र रोहित कुमार को हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनायी. साथ ही दोनों पर 25-25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार राव

बेतिया सिविल कोर्ट के अधिवक्ता मनोज कुमार राव न्यायिक मामलों की गहरी समझ रखने वाले सुप्रसिद्ध कोर्ट रिपोर्टर हैं. अपर लोक अभियोजक के रूप में कार्य करते हुए वें अदालत, कानून और जनहित से जुड़े विषयों पर सटीक जानकारी और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >