Bettiah News: मैनाटांड थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव से नाबालिग लड़की के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मामले में पीड़िता की मां के लिखित आवेदन के आधार पर स्थानीय पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अगवा किशोरी को मैनाटांड स्थित पुराने बैंक के समीप से सकुशल बरामद कर लिया है.
Inarwa News: देह व्यापार की नीयत से बहला-फुसलाकर अगवा करने का आरोप
प्रभारी थानाध्यक्ष अनीता कुमारी ने बताया कि अपहृत किशोरी की मां ने थाने में दिए गए आवेदन में गंभीर आरोप लगाए हैं.
पीड़िता की मां का कहना है कि बीते 17 अगस्त की देर रात हारून देवान, मामूल देवान, नूर मोहम्मद देवान समेत कुल 9 लोगों ने सुनियोजित साजिश के तहत देह व्यापार कराने के उद्देश्य से उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया था. अपहरण के बाद आरोपियों ने किशोरी को अपने ही घर में छिपाकर रखा था.
भनक लगते ही आरोपियों ने बदला ठिकाना
आवेदन के अनुसार, जब परिजनों को इस बात की जानकारी मिली और उन्होंने खोजबीन शुरू की, तो आरोपियों को इसकी भनक लग गई. इसके बाद आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से किशोरी को उस घर से हटाकर दूसरी जगह भेज दिया.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया. पुलिस टीम ने जाल बिछाकर नाबालिग को मैनाटांड पुराने बैंक के पास से सकुशल बरामद कर लिया.
नामजद प्राथमिकी दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश
प्रभारी थानाध्यक्ष अनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन पर 9 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
बरामद किशोरी का नियमानुसार चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल जांच) कराया जा रहा है और न्यायालय में 164 का बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस घटना में संलिप्त सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
