बेतिया न्यूज: निजी विद्यालयों के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को ऑनलाइन अपडेट करने को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है. गुरुवार 17 सितंबर को जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार की अध्यक्षता में प्रखंडवार निजी विद्यालयों के व्यवस्थापकों और प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक हुई. बैठक में विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल पर लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए समयसीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया गया.
लंबित नामांकन पूरा करने का निर्देश
डीईओ राजन कुमार ने ज्ञानदीप पोर्टल पर सत्र 2026-27 में कक्षा एक में अपलोडिंग से लंबित नामांकन को तत्काल पूरा कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नामांकन से जुड़ी जानकारी को पोर्टल पर अपडेट करने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
प्रस्वीकृति के लिए 7 दिन की समयसीमा
बैठक में नए निजी विद्यालयों की प्रस्वीकृति को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए. जिन निजी विद्यालयों को अब तक प्रस्वीकृति नहीं मिली है, उन्हें ई-संबंधन पोर्टल पर सात दिनों के अंदर ऑनलाइन आवेदन करने को कहा गया. वहीं, सभी प्रखंड शिक्षा अधिकारियों को बिना प्रस्वीकृति वाले विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. जिन विद्यालयों की प्रस्वीकृति की अवधि समाप्त हो चुकी है, उन्हें भी ई-संबंधन पोर्टल पर नवीनीकरण के लिए अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन करने को कहा गया.
यू-डायस में गलत डेटा नहीं डालें
एमआईएस संभाग के नोडल पदाधिकारी अरुण कुमार 'अकेला' ने यू-डायस 2026-27 को लेकर विद्यालयों को जरूरी निर्देश दिए. स्कूल प्रोफाइल, टीचर्स प्रोफाइल और स्टूडेंट्स प्रोफाइल की प्रविष्टियां सही-सही करने पर जोर दिया गया. बताया गया कि विभागीय बजट यू-डायस के आंकड़ों के आधार पर तैयार होता है. ऐसे में आंकड़ों में किसी तरह की त्रुटि नहीं रखने की हिदायत दी गयी. विद्यालयों से अपने स्तर से सभी जानकारी की जांच करने के बाद ही पोर्टल पर प्रविष्टि करने को कहा गया.
दो दिन में अपार आईडी और प्रशस्त ऐप का काम
निजी विद्यालयों की संभाग प्रभारी किरण दीप ने स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग के लिए एसएचपीआर पोर्टल पर पंजीकरण से वंचित विद्यालयों को दो दिनों के भीतर फॉर्म भरने का निर्देश दिया. सभी बच्चों की अपार आईडी बनाने और निजी विद्यालयों के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का 'प्रशस्त ऐप 2.0' पर दो दिनों में पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया. इसके अलावा नशामुक्त अभियान के लिए विद्यालय प्रधान को पोर्टल पर पंजीकरण कराने तथा शेष विद्यालयों को इको क्लब में भी दो दिनों के भीतर पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया.
