जलस्तर गिरने से बेलवा गांव में गहराया पेयजल संकट, सूख गए चापाकल और मोटर पंप

पश्चिम चंपारण के बेलवा गांव में भूजल स्तर गिरने से पेयजल संकट गहरा गया है. कई घरों के चापाकल और मोटर पंप बंद पड़ गए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि 10 बार हैंडल चलाने पर एक लोटा पानी निकल रहा है.

बेतिया के साठी से कृष्ण कुमार राय की रिपोर्ट

Bettiah: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज प्रखंड की भेड़िहरवा पंचायत के बेलवा गांव में भूजल स्तर तेजी से नीचे जाने के कारण पेयजल संकट गहरा गया है. भीषण गर्मी और उमस के बीच गांव के कई घरों में चापाकल और मोटर पंप जवाब दे चुके हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

चापाकल से मुश्किल से निकल रहा पानी

स्थानीय सरपंच नौशाद आलम ने बताया कि शेख कौशर, शहाबुद्दीन मियां, जियाउद्दीन मियां, ज्याउर रहमान, जमालुद्दीन, अरशद अली, रैसूल आजम, रौनक हुसैन, एजाज आलम समेत दर्जनों परिवारों के घरों में पीने के पानी का संकट उत्पन्न हो गया है.

ग्रामीणों के अनुसार कई दिनों से चापाकलों से पर्याप्त पानी नहीं निकल रहा है. जिन चापाकलों से पानी आ भी रहा है, उनमें करीब 10 बार हैंडल चलाने के बाद एक लोटा पानी निकलता है. वहीं कई घरों में लगे मोटर पंप भी पूरी तरह बंद पड़े हैं.

यह भी पढ़ें: सड़क से तीन फुट ऊंचा बना नाला, राहगीरों के लिए बनी बड़ी मुसीबत

घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई पर असर

पानी की कमी के कारण लोगों को नहाने, कपड़े और बर्तन धोने के साथ-साथ खाना बनाने में भी कठिनाई हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई और स्कूल जाने की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है.

स्थानीय लोगों का मानना है कि लगातार सिंचाई के लिए चल रहे बोरिंग और पंपसेट के कारण भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है. वहीं समय पर बारिश नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई है.

प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव में पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में संकट और गहरा सकता है.

यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी के चलते पश्चिम चंपारण में स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया था आदेश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >