Bettiah News: पश्चिम चंपारण पुलिस ने अपराध नियंत्रण और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत पिछले 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस इंस्पेक्टर विश्व मोहन चौधरी ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर यह कार्रवाई की गई. गिरफ्तार आरोपितों में 44 वारंटी भी शामिल हैं, जिनके विरुद्ध लंबित अजमानतीय वारंटों का निष्पादन किया गया.
शराब और गांजा की बड़ी बरामदगी
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 128 लीटर 955 मिलीलीटर शराब और 5 किलो 680 ग्राम गांजा बरामद किया. इसके अलावा एक गैस सिलेंडर, दो मोबाइल फोन और तीन वाहनों को भी जब्त किया गया.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में 13 लोग उत्पाद अधिनियम के मामलों में पकड़े गए हैं.
वाहन जांच में भी हुई कार्रवाई
अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को लेकर भी जिलेभर में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने और अधूरे दस्तावेजों के साथ वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान 86 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला.
अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों, शराब तस्करों और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा. साथ ही लंबित वारंटों के निष्पादन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार छापेमारी की जाएगी.
