Bagaha News: भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी मिली है. वाल्मीकिनगर सीमा से सटे पड़ोसी देश नेपाल के नवलपरासी जिला में नेपाल पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन (ड्रग्स) के साथ एक तस्कर को दबोचा है. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नवलपरासी जिला के रामग्राम नगरपालिका वार्ड नंबर आठ निवासी 38 वर्षीय राम मिलन केवट के रूप में की गई है. पुलिस ने उसके पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
जिला पुलिस कार्यालय नवलपरासी के सूचना अधिकारी व इंस्पेक्टर सोम दास ढकाल ने मामले की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि रविवार की शाम ड्रग्स नियंत्रण ब्यूरो शाखा भैरहवा को एक गुप्त सूचना मिली थी. इनपुट था कि तस्करों द्वारा भारतीय सीमा क्षेत्र से भारी मात्रा में प्रतिबंधित ड्रग्स अवैध तरीके से नेपाल में लाया जा रहा है. सूचना के आधार पर ड्रग्स नियंत्रण ब्यूरो और नेपाल पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन कर सीमावर्ती रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया.
डिक्की से निकले 600 नशीले इंजेक्शन
जांच के दौरान पुलिस टीम ने भारतीय सीमा क्षेत्र की तरफ से परासी की ओर आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (लू 26 प 4414) को रोका. जब मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी ली गई, तो पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए. डिक्की के अंदर छिपाकर रखे गए कुल 600 एम्पुल प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद हुए. इसमें डायजेपाम के 200 एम्पुल, फेनेरागन के 200 एम्पुल तथा बुप्रेनोफिन के 200 एम्पुल शामिल हैं. नेपाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है.
बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट
