Bagaha News: डिब्बे में नहीं मिला पेट्रोल,तो बाइक की टंकी लेकर पंप पहुंचे युवक

Bagaha News:बगहा के हरनाटांड़ में ईंधन किल्लत और नियमों के चक्कर में एक युवक बाइक की टंकी हाथ में लेकर पेट्रोल पंप पहुंच गया. खुले डिब्बे में पेट्रोल न मिलने पर उठाए गए इस कदम का वीडियो वायरल है.पढ़ें पूरी खबर…

Bagaha News:बिहार के बगहा अनुमंडल क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल की किल्लत के बीच एक हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है.थरुहट के हरनाटांड़ इलाके में एक युवक अपनी बाइक की टंकी को खोलकर सीधे पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने पहुंच गया. पेट्रोल पंप कर्मियों द्वारा डिब्बे या जार में तेल देने से मना किए जाने के बाद युवक ने यह अनोखा तरीका अपनाया. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है,

सुरक्षा नियमों के फेर में फंसी जनता

इन दिनों ग्रामीण इलाकों में डीजल और पेट्रोल की कमी से आम लोग बेहाल हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर लोग छोटे डिब्बों या जार में पेट्रोल-डीजल लेकर अपने घरों, खेतों और वाहनों में इस्तेमाल करते हैं. लेकिन सुरक्षा नियमों के कड़े होने के कारण कई पेट्रोल पंप संचालक खुले डिब्बों में तेल देने से साफ इनकार कर रहे हैं. इसी बीच हरनाटांड़ में एक युवक की बाइक का पेट्रोल रास्ते में ही खत्म हो गया. उसने पंप से डिब्बे में तेल देने की मांग की, लेकिन जब अनुमति नहीं मिली, तो उसने बाइक की टंकी ही खोल ली और हाथ में उठाकर पेट्रोल पंप पहुंच गया. युवक को इस हालत में देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और किसी ने इसका वीडियो बना लिया.

बीच रास्ते में बंद हो रहे हैं वाहन

ईंधन के अभाव में थरुहट क्षेत्र के हरनाटांड़, दोन समेत विभिन्न ग्रामीण इलाकों में गाड़ियां बीच सड़क पर खड़ी हो जा रही हैं. हर व्यक्ति के लिए भारी वाहन को धक्का देकर पेट्रोल पंप तक ले जाना मुमकिन नहीं होता. लोग थोड़ी मात्रा में डिब्बे में पेट्रोल ले जाना चाहते हैं, लेकिन नियमों के कारण राहत नहीं मिल पा रही है. लोगों का कहना है कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी, तो इसका खेती, परिवहन और आम जनजीवन पर बहुत बुरा असर पड़ेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >