Bagaha News:बगहा अनुमंडल के भितहा प्रखंड अंतर्गत जमुनिया गांव में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक निजी तालाब में विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दिया. स्थानीय निवासी ओमप्रकाश बिन के तालाब में मगरमच्छ होने की सूचना मिलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया. ग्रामीणों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया.
मछुआरों और ग्रामीणों में था डर का माहौल
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से तालाब में मछली पकड़ने के दौरान मगरमच्छ नजर आ रहा था. कई बार वह नाव और जाल के इतने करीब पहुंच गया कि मछुआरों की जान पर बन आई थी. डर के कारण लोगों ने तालाब के किनारे जाना और मवेशियों को पानी पिलाना भी बंद कर दिया था. सोमवार को जब मगरमच्छ दोबारा धूप सेंकने बाहर निकला, तब इसकी सूचना वन विभाग को दी गई.
सावधानी से चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम जाल और रस्सियों के साथ मौके पर पहुँची. काफी सावधानी बरतते हुए टीम ने मगरमच्छ को चारों ओर से घेरा और उसे सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया. रेस्क्यू अभियान के दौरान भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही. वनकर्मी लालसा यादव ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ की सेहत ठीक है और उसे सुरक्षित तरीके से उसके प्राकृतिक आवास यानी गंडक नदी में छोड़ दिया जाएगा.
समय पर कार्रवाई से ग्रामीणों ने ली राहत
वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से जमुनिया गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है. ग्रामीणों ने बताया कि गंडक नदी का जलस्तर घटने-बढ़ने के कारण अक्सर जलीय जीव रिहायशी इलाकों के पोखरों में आ जाते हैं. वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ऐसे जीव दिखने पर तुरंत सूचित करने की अपील की है.
बगहा से चंद्र प्रकाश आर्य की रिपोर्ट
