Bagaha Weather News: सोमवार की दोपहर बगहा में मौसम ने अचानक करवट बदली. तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश से पूरे शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. अचानक आए इस मौसम परिवर्तन से रोजमर्रा के कार्यों में लगे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
राहगीर हुए परेशान
अचानक हुई बारिश के कारण राहगीर जहां-तहां रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करते नजर आए. वहीं, कुछ लोग भीगते हुए ही अपने गंतव्य की ओर बढ़ते दिखे. बाजारों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दुकानदारों को आनन-फानन में अपना सामान समेटना पड़ा.
रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई. मूसलाधार बारिश के बावजूद यात्री भीगते हुए स्टेशन आते-जाते रहे, जिससे प्लेटफॉर्म पर भी कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बनी रही.
किसानों के लिए वरदान साबित होगी बारिश
भले ही इस आंधी-पानी ने आम जनजीवन को प्रभावित किया हो, लेकिन किसानों के चेहरे पर इससे खुशी की लहर दौड़ गई है. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश गन्ना, धान और मक्का जैसी फसलों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी. इसके अतिरिक्त, आम और लीची की फसल के लिए भी यह वर्षा किसी सौगात से कम नहीं मानी जा रही है.
कुल मिलाकर, मौसम के इस बदले मिजाज ने जहां एक ओर आम लोगों की दिनचर्या में खलल डाला, वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए राहत और उम्मीद की फुहारें लेकर आया है.
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
