Bettiah News: क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए एक राहत भरी खबर है. उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आगामी 6 मई 2026 को न्यू स्वदेशी शुगर मिल परिसर में एक दिवसीय विशेष समाधान शिविर सह किसान संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है. गन्ना उद्योग विभाग, बेतिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस शिविर की जानकारी चीनी मिल के कार्यपालक अध्यक्ष रविन्द्र कुमार तिवारी ने दी।
एक ही छत के नीचे जुटेंगे कई विभागों के अधिकारी
इस विशेष कैंप की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ किसानों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. शिविर में गन्ना उद्योग विभाग के पदाधिकारियों के साथ-साथ प्रखंड के अंचलाधिकारी (CO), सिंचाई विभाग के अधिकारी और बिजली विभाग के एसडीओ व कनीय अभियंता भी मौजूद रहेंगे. कार्यपालक अध्यक्ष ने बताया कि किसानों की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर ही समाधान (On-the-spot redressal) करने का प्रयास किया जाएगा.
समस्याओं का होगा प्रमुखता से निपटारा
शिविर में किसान मुख्य रूप से निम्नलिखित सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं. बिजली व सिंचाई: नए बिजली कनेक्शन, खराब ट्रांसफार्मर की मरम्मत और नहरों में पानी की उपलब्धता पर सीधे संवाद.राजस्व कार्य: जमीन की पुरानी रसीदों को अपडेट कराने की सुविधा.
योजनाओं की जानकारी: कृषि यंत्र, सोलर पंप, बोरिंग और प्रमाणित गन्ना बीज पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की जानकारी.
ईंख पदाधिकारी रेमन्त झा ने किसानों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि किसान अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर अपनी शिकायतें दर्ज कराएं और विभागीय सुधार हेतु सुझाव भी दें.
मोतिहारी के कोटवा से शिवम कुमार की रिपोर्ट
