Bettiah News: बेकाबू पिकअप ने ली मासूम की जान, गाड़ी छोड़कर फरार हुआ ड्राइवर

Bettiah News: योगापट्टी के बासोपट्टी में पिकअप की टक्कर से 5 वर्षीय मासूम हजरत अली की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिचरी मुख्य मार्ग को घंटों जाम रखा. पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है.जानिए खबर विस्तार से…

Bettiah News: प्रखंड के शनिचरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बासोपट्टी गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ. यहाँ एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पांच वर्षीय मासूम बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया.

इलाज कराने जा रहे बच्चे को काल ने घेरा

मृतक की पहचान बकुचिया गांव निवासी इजहार अंसारी के पांच वर्षीय पुत्र हजरत अली के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, परिजन बच्चे का इलाज कराने के लिए उसे बगही कॉलोनी ले जा रहे थे. इसी दौरान शनिचरी की ओर से आ रही अनियंत्रित पिकअप ने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर फरार होने में सफल रहा.

सड़क जाम और पुलिस की कार्रवाई

हादसे से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने बासोपट्टी से शनिचरी जाने वाली मुख्य सड़क को घंटों जाम रखा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. सूचना मिलते ही शनिचरी थानाध्यक्ष संध्या कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचीं. इस बीच परिजन शव को ट्रैक्टर से कहीं ले जाने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने रोककर समझाया.

प्रशासन ने दिया आश्वासन

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया. थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

बेतिया से समीर बाजपेयी की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >