बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: बगहा अनुमंडल के बगहा-दो प्रखंड स्थित वाल्मीकिनगर हवाई अड्डे के विकास और विस्तार की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया तेज कर दी गई है. रनवे विस्तार, नए टर्मिनल भवन और संपर्क मार्ग निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य तेजी से चल रहा है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की टीम ने हाल ही में स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ प्रस्तावित परियोजना की समीक्षा की.
यह भी पढ़ें: अब बैंक खाते में पैसे के बदले छात्रों को मिलेगी रेडिमेड स्कूल ड्रेस, पोशाक योजना में बदलाव की तैयारी
रनवे विस्तार और नए टर्मिनल की तैयारी
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने बगहा-दो के अंचलाधिकारी मो. वसीम अकरम के साथ प्रस्तावित रनवे, टर्मिनल भवन और पहुंच पथ का निरीक्षण किया. नक्शे के आधार पर निर्माण कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. शनिवार को जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राकेश कुमार एवं सीओ मो. वसीम अकरम के नेतृत्व में राजस्व कर्मियों और अमीनों की टीम ने चिन्हित भूमि का सीमांकन भी किया.
भविष्य में बड़े विमानों की भी होगी सुविधा
प्रशासन के अनुसार वर्तमान रनवे को लगभग 800 मीटर तक विस्तारित करने की योजना है. शुरुआती चरण में छोटे विमानों के संचालन की व्यवस्था की जाएगी, जबकि भविष्य में बड़े विमानों के परिचालन को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा नया बढ़ावा
स्थानीय लोगों का मानना है कि एयरपोर्ट के विकसित होने से वाल्मीकिनगर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी. विशेष रूप से वाल्मीकि टाइगर रिजर्व आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के लिए हवाई संपर्क की सुविधा क्षेत्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
यह भी पढ़ें: बारात की खुशियां मातम में बदलीं, बेतिया-मोतिहारी हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौत
जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान लोकल एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी के अध्यक्ष एवं स्थानीय सांसद सुनील कुमार के प्रतिनिधि जितेंद्र कुशवाहा, जदयू नेता राकेश सिंह, दयाशंकर सिंह, मो. निजामुद्दीन, औरंगजेब अंसारी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. अधिकारियों ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होते ही एयरपोर्ट विस्तार का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.
भूमि अधिग्रहण पूरा होते ही शुरू होगा निर्माण कार्य
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के लिए प्रशासनिक एवं तकनीकी स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं जारी हैं. भूमि अधिग्रहण पूरा होने के बाद रनवे विस्तार, टर्मिनल भवन निर्माण और अन्य आधारभूत सुविधाओं का कार्य शुरू होगा. इसके पूरा होने से वाल्मीकिनगर को क्षेत्रीय हवाई संपर्क के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी.
यह भी पढ़ें: जब मुजफ्फरपुर में हुए बम हमले ने उड़ा दी थी अंग्रेजों की नींद, इतिहास में अमर हुआ शहर
