बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: बगहा रेलवे स्टेशन पर उत्पाद विभाग और रेल सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त कार्रवाई में सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस से 33.75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. इस दौरान शराब तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उत्पाद विभाग को लगातार सूचना मिल रही थी कि अंतरराज्यीय तस्कर रेलवे मार्ग के जरिए बिहार में शराब की खेप पहुंचा रहे हैं. सूचना के बाद उत्पाद थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. मंगलवार सुबह दिल्ली से मुजफ्फरपुर जा रही सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी कोच में सघन जांच अभियान चलाया गया.
तीन बैग से मिली 33.75 लीटर विदेशी शराब
जांच के दौरान संदिग्ध यात्रियों और उनके सामान की तलाशी ली गई. इस दौरान तीन यात्रियों के बैग से कुल 33.75 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. मौके पर ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा थाना क्षेत्र निवासी रोशन कुमार, अकित कुमार और जयप्रकाश सिंह के रूप में हुई है. पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से शराब खरीदकर मोतिहारी ले जा रहे थे.
शराबबंदी कानून के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
बरामद शराब और गिरफ्तार आरोपितों को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना बगहा लाया गया. छापेमारी अभियान में बगहा RPF आउट पोस्ट प्रभारी इंद्रजीत सिंह, उत्पाद थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार सहित RPF और उत्पाद विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे.
उत्पाद थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि रेलवे मार्ग से होने वाली शराब तस्करी पर विशेष नजर रखी जा रही है और आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा.
