Bagaha News: कुख्यात अपराधी संजीव कुमार मिश्रा उर्फ पुट्टु मिश्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है. घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर करीब आधे दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. फिलहाल गुप्त स्थान पर इन सभी से गहन पूछताछ की जा रही है.
जमीन विवाद सुलझाने पहुंचा था पुट्टू
बता दें कि सोमवार की रात रामनगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने पुट्टु मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी. बताया जा रहा है कि यह घटना उस वक्त हुई जब पुट्टू मिश्रा एक जमीन विवाद सुलझाने पहुंचा था. अपराधियों ने करीब दो राउंड फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.वह स्वयं भी पूर्व के एक हत्याकांड में नामजद आरोपी था और हाल ही में जेल से बाहर आया था.
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में देर रात हुआ पोस्टमार्टम
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की. रात करीब 11:30 बजे अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तीन सदस्यीय चिकित्सकीय टीम ने पोस्टमार्टम किया. इस टीम में अस्पताल प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. ए.के. तिवारी, डॉ. एस.पी. अग्रवाल और डॉ. अरुण कुमार यादव शामिल रहे.
पुलिस की जांच और हिरासत
रामनगर एसडीपीओ रागनी कुमारी ने बताया कि हत्याकांड के सिलसिले में आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इस हत्याकांड के तार पुराने विवाद या आपसी रंजिश से जुड़े हो सकते हैं. पुलिस गैंगवार समेत विभिन्न बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है. बता दें, मृतक पुट्टू मिश्रा का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वह कांग्रेस नेता फखरुद्दीन खान हत्याकांड का कथित मास्टरमाइंड भी था. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: बेतिया: गरीबी पर कहर बनकर टूटी आंधी, तीन लोग छत के नीचे दबे
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
