Bagaha: बिहार के 'कश्मीर' में निशांत कुमार ने की जंगल सफारी, नरदेवी और कालेश्वर मंदिर में टेका मत्था

Bagaha News: जदयू नेता निशांत कुमार ने बिहार के 'कश्मीर' वाल्मीकि नगर में जंगल सफारी का लुत्फ उठाया. वन्य जीवों को करीब से देख गदगद हुए निशांत ने नरदेवी और महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की खुशहाली की कामना की. पढ़िए पूरा अपडेट…

Bagaha News: बिहार का ‘कश्मीर’ कहे जाने वाले वाल्मीकि नगर में सोमवार की सुबह जदयू नेता निशांत कुमार के लिए बेहद खास रही. अपनी ‘सद्भाव यात्रा’ के दौरान उन्होंने वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) की प्राकृतिक सुंदरता के बीच जंगल सफारी का आनंद लिया. घने जंगलों और शांत वातावरण के बीच वन्य जीवों को देख वे काफी उत्साहित नजर आए.

भालू, हिरण और मोर का हुआ दीदार

सफारी के दौरान निशांत कुमार को प्रकृति और वन्य जीवन के अद्भुत दृश्य देखने को मिले. उन्होंने जंगल के बीच स्वतंत्र विचरण करते हुए हिरण, मोर, भालू और जंगली सूअरों को काफी करीब से देखा. इन वन्य जीवों को देख उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वाल्मीकि नगर की जैव विविधता अद्वितीय है. वन विभाग के अधिकारियों ने सफारी के दौरान उन्हें संरक्षण के प्रयासों की जानकारी दी, जिसकी उन्होंने सराहना की. उन्होंने इस क्षेत्र को पर्यटन और रोजगार की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया.

नरदेवी और कालेश्वर मंदिर में टेका मत्था

प्रकृति के सान्निध्य के साथ-साथ निशांत कुमार ने क्षेत्र की आध्यात्मिक विरासत का भी सम्मान किया. ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार माता सीता के पाताल लोक गमन की इस भूमि पर उन्होंने प्रसिद्ध नरदेवी मंदिर और महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने जटाशंकर और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कर राज्य की सुख-शांति की कामना की. निशांत कुमार ने कहा कि वाल्मीकि नगर का यह क्षेत्र आस्था और पर्यावरण का अनूठा संगम है, जिसे हर बिहारी को एक बार जरूर देखना चाहिए.

बगहा से इजराइल अंसारी की रिपोर्ट

यह भी पढे़ं: Bettiah News: बिहार मंत्रिमंडल विस्तार की हलचल तेज, चंपारण से ये 4 नाम रेस में

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >