Bagaha News: बिहार के बगहा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. पटखौली थाना क्षेत्र के तिरहुत नहर बरवल स्थित छलका के समीप गुरुवार दोपहर स्नान करने गया एक 13 वर्षीय किशोर अचानक गहरे पानी में लापता हो गया. लापता किशोर की पहचान बगहा नगर परिषद के वार्ड-29 बनकटवा निवासी अनूप सहनी के पुत्र तुलसी कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में सन्नाटा पसरा है.
मामा के घर घूमने आया था किशोर
अंचलाधिकारी मो. वसीम अकरम ने बताया कि तुलसी कुमार पिछले चार दिनों से नरवल-बरवल पंचायत के बरवल गांव में अपने मामा बलिराम सहनी के घर आया हुआ था. गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे वह गांव के अन्य बच्चों के साथ तिरहुत नहर में नहाने गया था, तभी वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. साथ नहा रहे बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी.
मगरमच्छों के डर और कम पानी से रेस्क्यू में परेशानी
सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी और पटखौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सिंचाई विभाग से संपर्क कर नहर का पानी बंद कराया गया ताकि जलस्तर कम हो सके. इसके बाद रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि पानी कम होने से मोटर बोट चलाने में दिक्कत आ रही है. इसके अलावा, छलका के पास पुराने डोभ में मगरमच्छों का बसेरा होने की आशंका है, जिससे रेस्क्यू टीम को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है. तमाम चुनौतियों के बावजूद स्थानीय तैराकों और एसडीआरएफ की मदद से किशोर की तलाश लगातार जारी है.
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपार्ट
