बगहा में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की जिला बैठक, पत्रकार सुरक्षा और संगठन विस्तार पर बनी रणनीति

बगहा में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई. इस बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान, पत्रकारों की सुरक्षा और सरकारी सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. पत्रकारों ने एकजुट होकर अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया.

Bagaha News Gramin Patrakar Association: ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, बगहा पुलिस जिला की जिला स्तरीय बैठक रविवार को नगर परिषद स्थित मारवाड़ी धर्मशाला के सभागार में आयोजित हुई. बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान, पत्रकारों की सुरक्षा, सरकारी सुविधाओं और पत्रकारिता की गरिमा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

पत्रकार लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं: प्रो. डॉ. अरविंद नाथ तिवारी

बैठक के मुख्य अतिथि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. डॉ. अरविंद नाथ तिवारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकार लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं.

उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार प्रखंड और पंचायत स्तर तक किया जाएगा तथा व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पत्रकार संगठन से जुड़ सकें.

पत्रकार पेंशन योजना में बदलाव की मांग

प्रो. तिवारी ने बिहार सरकार से पत्रकार पेंशन योजना के मानदंडों को अधिक व्यावहारिक और लचीला बनाने की मांग की. उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकारों को भी सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का समान लाभ मिलना चाहिए.

उन्होंने फर्जी पत्रकारों और फर्जी पत्रकारिता पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे वास्तविक पत्रकारों की छवि प्रभावित होती है. साथ ही प्रशासन से समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को सहयोग और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई.

संगठन को हरसंभव सहयोग का भरोसा

विशिष्ट अतिथि एवं संगठन के संरक्षक दिनेश अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों का मजबूत मंच है.

उन्होंने संगठन को हरसंभव सहयोग देने और पत्रकारों के न्यायोचित अधिकारों की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया.

संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

प्रदेश महासचिव आदित्य कुमार द्विवेदी ने पत्रकारों से अपने अधिकारों और दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया. वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष माधवेन्द्र पाण्डेय ने संगठनात्मक एकजुटता और आपसी समन्वय बढ़ाने पर बल दिया.

बैठक में आगामी कार्ययोजना, सदस्यता अभियान को गति देने तथा जिला और प्रखंड स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए सर्वसम्मति से कई निर्णय लिए गए.

कई पत्रकारों ने ली सदस्यता

बैठक के दौरान इलेक्ट्रॉनिक और विभिन्न समाचार माध्यमों से जुड़े एक दर्जन पत्रकारों ने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण की.

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष इजरायल अंसारी ने की, जबकि संचालन कार्यकारी अध्यक्ष चन्द्रभूषण शांडिल्य ने किया.

इस अवसर पर मो. शमसाद, मुरारी शरण तिवारी, मो. शाबिर, इन्द्रमणि दुबे, पंचानंद सिंह, नरेंद्र पाण्डेय, संजीव तिवारी, निर्भय कुमार, घनश्याम तिवारी, संजय पाण्डेय, विवेक सिंह और विवेक पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे.

बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Israel ansari

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >