anti drug awareness: नशीली दवाओं के खिलाफ एकजुट हों, तभी बनेगा नशामुक्त समाज: प्रधान जिला जज

anti drug awareness: व्यवहार न्यायालय में डीएलएसए द्वारा नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.प्रधान जिला जज अनामिका टी ने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए लोगों से नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ एकजुट होने की अपील की. जानिए पूरी खबर…

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

anti drug awareness: पश्चिम चंपारण में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.इस कार्यक्रम का आयोजन बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के तत्वावधान में किया गया.इस दौरान न्यायिक पदाधिकारियों ने समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया.

नशीली दवाओं का दुष्प्रभाव पूरे परिवार को करता है बर्बाद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार की अध्यक्ष अनामिका टी ने कहा कि नशीली दवाएं स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हैं.इनके सेवन का दुष्प्रभाव केवल नशा करने वाले व्यक्ति तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका पूरा परिवार भी आर्थिक और मानसिक रूप से इसकी चपेट में आकर बर्बाद हो जाता है.उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ एकजुट होकर समाज में जागरूकता फैलाएं, ताकि हमारी युवा पीढ़ी को इस सामाजिक बुराई से सुरक्षित बचाया जा सके.

जेल, किशोर न्याय परिषद और महिला शक्ति सदन में भी अभियान

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव धीरेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के घातक दुष्परिणामों से अवगत कराना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है.इसके लिए मंडल कारा बेतिया, किशोर न्याय परिषद बेतिया, वृहद आश्रय स्थल बेतिया तथा बानुछापर स्थित महिला शक्ति सदन में भी व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समाज के हर वर्ग तक यह संदेश प्रभावी रूप से पहुंच सके.इस कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश (परिवार न्यायालय) मिलन कुमार सहित व्यवहार न्यायालय बेतिया के सभी न्यायिक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में न्यायालय के कर्मचारी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >