Begusarai News : थाना क्षेत्र के राजोपुर गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान राजोपुर गांव के वार्ड संख्या-1 निवासी शशिभूषण प्रसाद राय के 40 वर्षीय पुत्र रंधीर राय के रूप में हुई है. घटना गुरुवार दोपहर की बतायी जा रही है. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी.
बगीचे में ताश खेलते समय मारी गोली
घटना के संबंध में बताया गया कि रंधीर राय अपने एक साथी के साथ गांव के ही एक बगीचे में ताश खेल रहे थे. इसी दौरान अपराधी वहां पहुंचे और नजदीक से उन्हें गोली मार दी. मृतक को कई गोलियां लगीं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण बगीचे की ओर दौड़े, जहां युवक का शव पड़ा मिला.
शव उठाने से परिजनों ने किया इनकार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान मनीष कुमार, डीएसपी सुबोध कुमार, इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष नीरज कुमार समेत पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों व परिजनों से घटना की जानकारी ली. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया.
हालांकि, परिजन और कुछ ग्रामीण शव को घटनास्थल से उठाने देने को तैयार नहीं थे. वे अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग पर अड़े रहे.
प्रतिद्वंद्विता में हत्या का लगाया आरोप
मृतक के छोटे भाई रणवीर राय ने आरोप लगाया कि गांव में पूर्व में हरेराम पासवान की हत्या के बाद से उनका परिवार उनके प्रतिद्वंद्वियों के निशाने पर था. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी उन पर गोली चलायी गयी थी, लेकिन किसी तरह उनकी जान बच गयी. इसी क्रम में गुरुवार को उनके भाई रंधीर राय की हत्या कर दी गयी.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
रंधीर राय की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मृतक की पत्नी नीतू देवी, भाई रणवीर राय, पिता शशिभूषण राय, माता शोभा देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.
पूर्व विधायक ने सरकार और प्रशासन पर उठाये सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार और उसका प्रशासन पूरी तरह विफल है. बेगूसराय में हत्या आम बात हो गयी है. उन्होंने सरकार और प्रशासन से जिले में लगातार हो रही हत्या की घटनाओं पर अविलंब लगाम लगाने तथा दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की.
