Begusarai News : बखरी थाना क्षेत्र के गोढ़ियारी गांव में शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान स्वर्गीय मुनेश्वर सहनी के पुत्र गौतम कुमार सहनी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. परिजन युवक की फांसी लगाकर हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं. हालांकि घटना को किसने और किन कारणों से अंजाम दिया, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो सका है.
घर लौटने पर बेटे को अचेत अवस्था में देखा
मृतक की मां राधा देवी ने बताया कि वह राशन लेने के लिए डीलर के पास फिंगर देने गई थीं. घर लौटने पर उन्होंने देखा कि गौतम के गले में रस्सी लगी हुई थी और वह घर के दरवाजे के पास गिरा पड़ा था. इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी. ग्रामीणों की मदद से युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
चिकित्सकों ने युवक को किया मृत घोषित
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच के बाद चिकित्सकों ने गौतम कुमार सहनी को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
तीन भाइयों में सबसे छोटा था गौतम
परिजनों के अनुसार गौतम तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अपनी वृद्ध मां के साथ रहता था. परिवार के लोगों ने बताया कि वह सामान्य रूप से जीवन व्यतीत कर रहा था. उसकी अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
नागपंचमी के बाद व्यवहार में बदलाव की बात
मृतक की मां ने बताया कि नागपंचमी के दिन गौतम अपने गोतिया के यहां झाप चढ़ाने गया था. वहां से लौटने के बाद उसके व्यवहार, खान-पान और बातचीत के तरीके में बदलाव दिखाई देने लगा था. परिजनों के अनुसार वह पहले की अपेक्षा काफी बदला-बदला नजर आ रहा था.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. परिजन युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जता रहे हैं. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है.
Also Read : विश्व आदिवासी दिवस पर औरंगाबाद के बच्चों ने आदिवासी वेशभूषा में दिखाई कला और संस्कृति की झलक
