Begusarai Railway Station Accident : बेगूसराय के साहेबपुरकमाल रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया. बरौनी–कटिहार रेलखंड पर लूप लाइन से गुजर रही पुणे–सुपौल एक्सप्रेस की चपेट में आने से करीब 50 वर्षीय एक अज्ञात महिला की मौत हो गई.
प्लेटफॉर्म पर गिरने के बाद ट्रेन की चपेट में आई महिला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर मौजूद थी. इसी दौरान वह अचानक गिर गई और गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गई. हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में हड़कंप की स्थिति बन गई.
आरपीएफ ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ के अनिमेष किशोर मौके पर पहुंचे. गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, साहेबपुरकमाल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतका की पहचान कराने में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
Also Read : बेगूसराय डीएम का भू-समाधान और शराबबंदी पर सख्त निर्देश, अवैध खनन पर पैनी नजर रखने का आदेश
