Begusarai News : बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित भगवानपुर पुल पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई. तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. सदर अस्पताल के आईसीयू में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
गंगा स्नान के लिए जा रही थीं महिला
मृतका की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के गाड़ा ताजपुर गांव निवासी स्वर्गीय रोशन पासवान की 45 वर्षीय पत्नी मंजू देवी के रूप में हुई है. बताया गया कि वह अपने दामाद अंगद कुमार के साथ बाइक से सिमरिया गंगा स्नान के लिए जा रही थीं. इसी दौरान भगवानपुर पुल के समीप एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मंजू देवी को तत्काल भगवानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
श्राद्धकर्म के बाद शांति पूजा के लिए जा रहा था परिवार
मृतका के दूसरे दामाद तथा भगवानपुर थाना में कार्यरत चौकीदार लक्ष्मी पासवान ने बताया कि उनके ससुर रोशन पासवान का 17 जुलाई को बीमारी के कारण निधन हो गया था. 26 और 27 जुलाई को उनका श्राद्धकर्म संपन्न हुआ था. परिवार शांति पूजा और धार्मिक अनुष्ठान के तहत गंगा स्नान के लिए सिमरिया जा रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया.
मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पूरे गांव में शोक का माहौल है. इधर, बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और आईसीयू के बाहर पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया.
Also Read : गया जी के शेरघाटी में चोर होने के शक में किशोर की पीट-पीटकर हत्या, दो हिरासत में, गांव में तनाव
