Begusarai News : नावकोठी प्रखंड के रजाकपुर वार्ड नंबर 11 में शनिवार अहले सुबह चापाकल पर बर्तन धोने गई एक महिला को विषैले सांप ने डंस लिया. घटना के बाद परिजन महिला को इलाज के लिए पीएचसी नावकोठी लेकर पहुंचे. परिजन सांप को भी पकड़कर डिब्बे में साथ लाए थे. अस्पताल में इलाज के दौरान अचानक डिब्बे से सांप निकलकर परिसर में भाग गया, जिससे मरीजों और अस्पताल कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई.
चापाकल पर बर्तन धोने के दौरान सांप ने डंसा
जानकारी के अनुसार, रजाकपुर निवासी शहजादी खातून, पिता मो. जिब्राइल, शनिवार सुबह घर के चापाकल पर बर्तन धोने गई थीं. इसी दौरान वहां छिपे एक विषैले सांप ने उनके हाथ में डंस लिया. सांप के डंसने के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नावकोठी पहुंचे.
अस्पताल पहुंचने के बाद डिब्बे से निकल गया सांप
परिजन सांप को भी पकड़कर डिब्बे में बंद कर साथ अस्पताल ले आए थे. इलाज के दौरान अचानक डिब्बे से सांप निकल गया और अस्पताल परिसर में भागने लगा. सांप को परिसर में देखते ही मरीजों और अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया. कुछ देर तक अस्पताल में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
वार्ड सदस्य ने जान जोखिम में डालकर पकड़ा सांप
इसी बीच नावकोठी वार्ड नंबर 12 के वार्ड सदस्य सलमान खान की नजर सांप पर पड़ी. उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे दोबारा डिब्बे में बंद कर दिया. वार्ड सदस्य की सूझबूझ और तत्परता से अस्पताल परिसर में बड़ी अनहोनी टल गई.
महिला को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल किया रेफर
शहजादी खातून की हालत को देखते हुए पीएचसी के चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया. चिकित्सकों की निगरानी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.
बारिश के मौसम में सावधानी बरतने की अपील
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी ने बताया कि बरसात के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि घर, चापाकल, झाड़ियों और अंधेरे स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें. सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें और तुरंत पीड़ित को नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं.
Also Read : विश्व आदिवासी दिवस पर औरंगाबाद के बच्चों ने आदिवासी वेशभूषा में दिखाई कला और संस्कृति की झलक
