Begusarai News : तेघड़ा प्रखंड क्षेत्र की बरौनी-3 पंचायत के वार्ड संख्या-14 के वार्ड सदस्य दिलीप कुमार सिंह का गुरुवार दोपहर करीब दो बजे कैंसर बीमारी के कारण उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया. वह 40 वर्ष के थे. उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. दिलीप कुमार सिंह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे. उनके परिवार में पत्नी और तीन पुत्र हैं. वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनके निधन के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मुखिया ने परिजनों को बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत के मुखिया अमलेश कुमार मृतक के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी. उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि दिलीप कुमार सिंह मिलनसार और समाजसेवी स्वभाव के व्यक्ति थे. ग्रामीणों ने भी बताया कि मृतक आर्थिक रूप से कमजोर थे और लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे.
सरकारी सहायता दिलाने की उठाई मांग
मुखिया अमलेश कुमार ने बताया कि दिलीप कुमार सिंह करीब एक वर्ष से कैंसर से पीड़ित थे. विधान परिषद सदस्य राजीव के निजी कोष से उनके इलाज में सहयोग किया जा रहा था, लेकिन गुरुवार को उनका निधन हो गया. उन्होंने जिलाधिकारी, बेगूसराय, अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी तेघड़ा से मांग की कि जनप्रतिनिधि के रूप में कार्यरत रहते हुए मृत्यु होने पर सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य सरकारी लाभ मृतक के आश्रितों को उपलब्ध कराए जाएं. मुखिया ने यह भी आश्वासन दिया कि वह व्यक्तिगत स्तर पर और समाजसेवी के रूप में पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे.
Also Read : दमन में ट्रॉली बैग से मिला नवादा की युवती का शव, आरोपी प्रेमी की तलाश जारी
