वीरपुर बाजार में जलजमाव के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, धान रोपकर किया विरोध, पांच घंटे सड़क जाम

Begusarai News : वीरपुर बाजार में जलजमाव से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर धान रोपकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन ने दो दिनों में सड़क ठीक करने का आश्वासन दिया है।

Begusarai News : ऐतिहासिक वीरपुर बाजार में वर्षों से जारी जलजमाव की समस्या को लेकर गुरुवार को एक बार फिर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष संजीव कुमार के नेतृत्व में आक्रोशित लोगों ने जलजमाव स्थल पर धान रोपकर और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं, आम लोगों और स्थानीय व्यवसायियों ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय सांसद और विधायक के प्रति भी नाराजगी जतायी. सड़क जाम के कारण करीब पांच घंटे तक वीरपुर-जगदर-पकठौल पथ पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा.

कृष्ण जन्मोत्सव मेले से पहले जलजमाव ने बढ़ायी चिंता

आक्रोशित लोगों ने कहा कि चार सितंबर से वीरपुर में पांच दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेले का आयोजन होना है. ऐसे में पूजा स्थल, मेला क्षेत्र और मुख्य सड़क पर वर्षों से जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. जलजमाव के कारण मेला में आने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा. लोगों का आरोप था कि लंबे समय से समस्या बनी रहने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है.

ऑन द स्पॉट समाधान की मांग पर अड़े रहे प्रदर्शनकारी

सड़क जाम की सूचना मिलने पर सीओ भाई वीरेंद्र और थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी तत्काल समाधान की मांग पर अड़े रहे. उनका कहना था कि केवल आश्वासन से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान नहीं होगा और प्रशासन को मौके पर ही कार्रवाई शुरू करनी चाहिए.

दो दिनों में जेएसबी-राबिश से सड़क बनाने का आश्वासन

स्थिति को देखते हुए सीओ ने सदर एसडीओ को पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद एसडीओ ने सड़क जाम का नेतृत्व कर रहे संजीव कुमार से दूरभाष पर बातचीत की. एसडीओ ने आश्वासन दिया कि दो दिनों के अंदर प्रशासन की ओर से जेएसबी-राबिश डालकर सड़क को चलने योग्य बनाया जाएगा. साथ ही श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला समाप्त होने के बाद जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्य किया जाएगा. प्रशासन के इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया.

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

विरोध प्रदर्शन के दौरान मुखिया प्रतिनिधि रामप्रवेश सिंह, कांग्रेस नेता डॉ. गीता प्रसाद सिंह, डॉ. राम सागर सिंह, दिवाकर गौतम, जितेंद्र कुमार साह, मो. अशरफ, जन प्रेरणा समिति के अध्यक्ष अमित कुमार, कोषाध्यक्ष सौरव कुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे.

Also Read : बेगूसराय के जिला परिषद में मनमानी व दोहरी नीति का आरोप, अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान का अनिश्चितकालीन धरना जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विपिन कुमार मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >