Viksit Bharat 2027: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाले ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ को लेकर बेगूसराय जिले में जागरूकता अभियान काफी तेज कर दिया गया है. वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और उनके भीतर कुशल नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए यह राष्ट्रीय पहल शुरू की गई है. इसी कड़ी में ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) के बेगूसराय जिला कार्यालय द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जा रहा है.
mybharat पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू
इस राष्ट्रीय आयोजन की बहु-स्तरीय चयन प्रक्रिया के प्रथम चरण के रूप में ‘विकसित भारत क्विज़’ की शुरुआत कर दी गई है. 15 से 29 वर्ष की आयु वर्ग के सभी इच्छुक युवा आधिकारिक पोर्टल mybharat.gov.in पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान प्रतिभागी उपलब्ध होने पर रेफरल कोड का भी उपयोग कर सकते हैं. ऑनलाइन क्विज के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा और समझ का प्रारंभिक स्तर पर मूल्यांकन किया जाएगा.
पीएम मोदी और नीति-निर्माताओं से सीधे संवाद का मौका
क्विज और निबंध लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन जिला और राज्य स्तर की आगामी प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा. इसके बाद विभिन्न राज्यों से चुने गए श्रेष्ठ युवा प्रतिनिधियों को 10 से 12 जनवरी 2027 तक राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित होने वाले मुख्य राष्ट्रीय संवाद में भाग लेने का ऐतिहासिक अवसर मिलेगा. इस प्रतिष्ठित मंच पर युवाओं को देश के शीर्ष नीति-निर्माताओं और माननीय प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार और नवाचार प्रस्तुत करने का सीधा अवसर प्राप्त होगा.
सांस्कृतिक, नवाचार और युवा संसद ट्रैक शामिल
इस महाअभियान को विविध क्षेत्रों में प्रतिभा प्रदर्शन के लिए कई ट्रैकों में विभाजित किया गया है. सांस्कृतिक ट्रैक के तहत लोक नृत्य, लोक गीत, पेंटिंग, भाषण और कविता लेखन जैसी विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. वहीं ‘इनोवेट फॉर भारत’ ट्रैक के अंतर्गत डिज़ाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज और युवा उद्यमी चुनौती के जरिए युवाओं की उद्यमशीलता और तकनीकी सोच को प्रोत्साहित किया जाएगा. इसके अतिरिक्त ‘युवा संसद’ ट्रैक के राष्ट्रीय फाइनलिस्टों को सीधे नई दिल्ली के राष्ट्रीय संवाद का हिस्सा बनने का गौरव प्राप्त होगा.
जिला युवा अधिकारी ने की बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील
युवाओं को प्रेरित करते हुए जिला युवा अधिकारी विवेक ने कहा कि "बेगूसराय जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और युवा मंडलों के साथियों से आग्रह है कि वे राष्ट्र निर्माण से जुड़े इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें." उन्होंने स्पष्ट किया कि "योग्य युवा बिना किसी देरी के mybharat.gov.in पोर्टल पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान बनाने का पूरा मौका मिल सके."
Also Read: Barauni NTPC: मांगों को लेकर आर-पार के मूड में मजदूर, 10 सितंबर से गेट पर अनिश्चितकालीन धरना
