एनएच-31 पर कांवरियों से भरे ऑटो को ट्रक ने मारी टक्कर, चालक समेत दो की मौत, सात घायल

Begusarai News : बेगूसराय के एनएच-31 पर कांवरियों से भरे ऑटो में ट्रक ने मारी टक्कर। हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत, सात घायल. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Begusarai News : साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के सनहा ढाला के समीप एनएच-31 फोरलेन पर शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया. बरौनी से सुल्तानगंज जा रहे कांवरियों से भरे एक सीएनजी ऑटो को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे में ऑटो चालक और एक कांवरिये की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.

मृतकों की हुई पहचान

मृतक कांवरिये की पहचान वैशाली जिले के राजापाकर थाना क्षेत्र के रंदाहा गांव निवासी राम पुकार सहनी के 39 वर्षीय पुत्र अनिल सहनी के रूप में हुई है. वहीं ऑटो चालक की पहचान मटिहानी थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव निवासी मोहम्मद अहमद के 40 वर्षीय पुत्र इम्तियाज उर्फ कारी के रूप में की गई है. स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

प्रत्यक्षदर्शी कांवरिये ने बताई हादसे की पूरी घटना

घटना में घायल कांवरिये अनिल सहनी ने बताया कि सभी लोग बरौनी से सीएनजी ऑटो पर सवार होकर सुल्तानगंज जा रहे थे. वाहन में चालक और खलासी समेत कुल नौ लोग मौजूद थे. उन्होंने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे सनहा ढाला के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए.

परिवार में मचा कोहराम

मृतक चालक इम्तियाज के भाई मोहम्मद वसीम ने बताया कि सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच हादसे की सूचना मिली. अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि उनके भाई की मौत हो चुकी है. उन्होंने बताया कि इम्तियाज भाड़े पर ऑटो चलाकर यात्रियों को सुल्तानगंज ले जा रहा था. घटना के बाद दोनों मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. वहीं पुलिस फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश में जुट गई है.

Also Read : दमन में ट्रॉली बैग से मिला नवादा की युवती का शव, आरोपी प्रेमी की तलाश जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >