Begusarai News : बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के बरौनी-3 पंचायत अंतर्गत बिरनिया बाजार में बाइक फिसलने से तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों युवक तेघड़ा में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला देखने जा रहे थे.
निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार के बाद बेगूसराय रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तीनों को बिरनिया बाजार स्थित निजी क्लीनिक में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने सभी को बेगूसराय रेफर कर दिया. बेगूसराय ले जाने के दौरान एक युवक की मौत हो गई.
नूरपुर निवासी दिलशाद आलम की मौत, दो साथी घायल
मृतक की पहचान रिफाइनरी ओपी थाना क्षेत्र के नूरपुर निवासी मो नौशाद आलम के 24 वर्षीय पुत्र मो दिलशाद आलम के रूप में हुई. हादसे में उसके साथ बाइक पर सवार मोहम्मद अरबाज और जफर आलम भी घायल हुए. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घर भेज दिया.
चार भाइयों में सबसे बड़ा था मृतक, परिवार में छाया मातम
परिजनों के अनुसार, दिलशाद चार भाइयों में सबसे बड़ा था. वह मजदूरी कर अपने परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मेला जाने के दौरान अनियंत्रित होकर फिसली बाइक, केस दर्ज
बताया गया कि तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल से तेघड़ा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेला देखने जा रहे थे. इसी दौरान बिढ़निया बाजार के समीप मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई. हादसे में तीनों युवक घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना को लेकर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
