Begusarai Crime News : बेगूसराय के खोदावन्दपुर थाना क्षेत्र में बकरा व्यवसायी से हथियार के बल पर हुई लूट के मामले में फरार चल रहे तीसरे नामजद आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के रामघाट स्थित एक सुनसान आम गाछी में छापेमारी कर मचान पर सोए हुए अवस्था में बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के दरगाह टोला निवासी मो नईम के पुत्र मोहम्मद नियाज को दबोच लिया, उसके साथ बरियारपुर पश्चिमी गांव निवासी गोपाल पासवान के पुत्र नितीश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है.
बेगूसराय की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
क्या है लूटकांड का पूरा मामला
इसकी जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, लूट की रकम में से 15036 रुपये नगद, चोरी की तीन मोबाइल तथा लूट की घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गयी है.
वहीं अपर थानाध्यक्ष किशन कुमार ने बताया कि मोहम्मद नियाज इस लूटकांड का तीसरा फरार आरोपित था और घटना के बाद से उसकी तलाश की जा रही थी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद मंडल कारा, बेगूसराय भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि मोहम्मद नियाज के विरुद्ध पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुका है.
Begusarai Crime News : बकरा व्यवसायी से दिनदहाड़े हुई थी लूट
बताते चलें कि चार सितंबर को दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने एबीसी चिमनी योगीडिह के समीप एक बकरा व्यवसायी समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना अंतर्गत सिंघिया घाट के वार्ड दो निवासी मोहम्मद रौशन के 36 वर्षीय पुत्र मो परवेज को हथियार का भय दिखाकर 50 हजार रुपये से अधिक नगद एवं मोबाइल लूट लिया था. लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने छुरा मारकर बकरा व्यवसायी को जख्मी भी कर दिया था.
घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक से भागने लगे. इसी दौरान बाड़ा गांव निवासी रामचंद्र ठाकुर के पुत्र राजीव कुमार को योगीडीह गांव के समीप स्थानीय लोगों ने खदेड़कर पकड़ लिया. तथा उसके दोस्त बाड़ा गांव निवासी गणेशी महतो के पुत्र कुशेश्वर कुमार को भी लोगों ने मसुराज गांव में पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था. हालांकि तीसरा आरोपित मोहम्मद नियाज बाइक लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा था.
तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने इस लूटकांड में शामिल सभी नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की इस कार्रवाई के मामले में उद्भेदन की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.
एसडीपीओ ने थाने पहुंचकर की पूछताछ
मो नियाज की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद मंझौल एसडीपीओ अमरकांत गुरुवार की शाम खोदावंदपुर थाना पहुंचे. उन्होंने गिरफ्तार आरोपित से लूटकांड के संबंध में आवश्यक पूछताछ की.
