बेगूसराय : तेघड़ा में बांध किनारे गड्ढे में मिला युवती का शव, गले पर निशान; कहीं और घटना की आशंका

बेगूसराय जिले में गुप्ता लखमिनियां बांध के पास एक गड्ढे में युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया. शव की पहचान नहीं हो सकी है, जिसकी उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है. गले पर रस्सी के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है.

बेगूसराय जिले के तेघड़ा थानाक्षेत्र अंतर्गत गुप्ता लखमिनियां बांध के किनारे एक गड्ढे में अहले सुबह एक लड़की का शव तैरता देख इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तेघड़ा थाना पुलिस को दी. घटना आधारपुर पंचायत अंतर्गत बिनलपुर में गुप्ता बांध के पास की बताई जा रही है.

शव की पहचान नहीं, लगभग 25 वर्ष बताई जा रही उम्र

शव की पहचान नहीं हो सकी है. मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है. वहीं उसने काले रंग का लोअर और काले रंग का सूट पहना हुआ था. घटना की सूचना पर तेघड़ा थानाध्यक्ष क्रांति रमन घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गये और घटना की सूचना तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार को दी.

डीएसपी तेघड़ा भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गये और तेघड़ा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया.

गले पर रस्सी के निशान, हत्या कर शव फेंकने की आशंका

स्थानीय लोगों के मुताबिक मामला संदिग्ध है. मृतका के गले पर रस्सी के निशान दिखने की सूचना है और लोगों ने बताया कि गले पर दाग साफ दिखाई दे रहा है. लोगों ने आशंका व्यक्त की कि मृतका की रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने के बाद सुनसान जगह होने के कारण किसी दूसरी जगह से लाकर यहां फेंका गया है.

Also Read : बेगूसराय में बाढ़ से 3.80 लाख आबादी प्रभावित, गंगा खतरे के निशान से 1.75 मीटर ऊपर; जिला प्रशासन अलर्ट मोड में

जानकारी के मुताबिक शव के साथ सतरंजी और चादर भी पाए गए हैं. मृतका की हत्या करने के बाद उसी में लपेटकर गुप्ता लखमिनियां बांध के किनारे उसे फेंका गया है. फिलहाल घटना के बारे में कई तरह की चर्चाएं हैं, जो पुलिस जांच का विषय है.

हाथों में लगी मेहंदी, राखी और बंधा था काला धागा

वहीं घटना के संबंध में डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध है और मामले की जांच की जा रही है. अभी तक शव की पहचान नहीं हो सकी है. वैज्ञानिक साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने बताया कि देखने से ऐसा प्रतीत हुआ है कि घटना कहीं और की गई है और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है. मृतका काले रंग की कुर्ती और सलवार पहने हुई थी. उसके दोनों हाथों में मेहंदी लगी हुई थी, एक हाथ में राखी तथा दूसरे हाथ में काला धागा लपेटा हुआ था.

पोस्टमार्टम के बाद 72 घंटे तक रखा जाएगा शव

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के उपरांत शव की पहचान नहीं होने की स्थिति में 72 घंटे तक सदर अस्पताल के शवगृह में रखा जाएगा. उसके बाद आगे की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नीरज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >